मोदीपुरम। दिसंबर में भी ठंड का असर ज्यादा नहीं है। हालांकि बारिश के बाद कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने 11 से 13 तक बारिश की संभावना जताई है।
मौसम में आ रहे उतार चढ़ाव के बीच रात का पारा दो दिन से लगातार गिर रहा है। दो दिन में रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। वहीं शनिवार को हवा की गति धीमी रही, जिस कारण दिन के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हो गई। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 84 और न्यूनतम 37 प्रतिशत दर्ज की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिस कारण 11 दिसंबर की शाम से मौसम बदलेगा और 12 व 13 को मध्यम बारिश होगी। इसके बाद शीत लहर चलेगी और कोहरा भी दस्तक दे सकता है। बारिश के चलते दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे आने की संभावना है।