मवाना। मोहल्ला काबली गेट सुभाष बाजार में लोगों ने मोबाइल टावर लगाए जाने के का विरोध किया। उन्होंने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन न्यायिक तहसीलदार जयवेंद्र सिंह को देकर तुरंत टॉवर हटवाने की मांग की। मोहल्ला काबली गेट सुभाष बाजार बिबिया मंदिर वाली गली के लोगों ने ज्ञापन में कहा है कि मोहल्ले में अवैध रुप से टावर लगवाया गया है। टावर लगवाने से पूर्व न तो किसी विभाग से अनुमति ली गई है और न ही अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया है। यह घनी आबादी वाली गली है। गली में दुपहिया वाहन ही बमुश्किल आ जा सकते हैं। टावर में वायरिंग का काम रहता है। ऐसे में कभी भी शार्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा बना रहता है। आग लगने की स्थिति में आग बुझाने वाला कोई वाहन गली में नहीं पहुंच सकता है। इसके अतिरिक्त टावर से होने वाले विकिरण से लोगों के स्वास्थ्य को खतरा है। इससे गली के लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने टावर को अविलंब हटवाए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर मनीष गौतम, रिचा गौतम, सनी वर्मा, विशाल रस्तोगी, मनोज, शालिनी गौतम आदि काफी मोहल्ले के लोगों के नाम हैं। तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को वस्तुस्थिति की आख्या लिए जाने के आदेश दिए हैं।