कस्बे के मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहन परेशानी का सबब बने हुए हैं। मिलों में गन्ने का सीजन शुरू हो चुका है। इससे हर समय मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, शासन और प्रशासन कुंभकरणी नींद में हैं। कस्बावासियों ने मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
कस्बे के मुख्य मार्ग पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। गन्ने का सीजन प्रांरभ हो चुका है। मुख्य मार्ग पर बेतरतीब खड़ी भैंसा-बुग्गी, सड़क किनारे खड़ी फलों की ठेली, गन्ना लदे ओवरलोड वाहन इसकी मुख्य वजह हैं। यह पुलिस और प्रशासन को छोड़ सभी को दिखाई देता है। हालांकि अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। इसके चलते कस्बे में हर समय जाम की स्थिति से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कस्बे में हर 15 मिनट के अंतराल में वाहनों की लंबी कतारे देखी जा सकती हैं। मुख्य मार्ग से प्रतिदिन मवाना और टिकौला मिल के दर्जनों ओवरलोड वाहन गुजरते हैं। जिससे लोगों का पैदल गुजरना दुश्वार हो गया है। वहीं, इस संबंध में एसओ अजय चौधरी का कहना है कि शीघ्र ही अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सड़क किनारे खडे़ ठेलों को तत्काल हटवाया जाएगा।
मुख्य बातें
दिनभर गुजरते हैं मवाना और टिकौला चीनी मिल के वाहन