मोदीपुरम। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर बना हुआ है। शीत लहर की रफ्तार कम होने से सर्दी के तेवर भी थोड़े ढीले पड़े हैं। मौसम विभाग का कहना है कि साफ मौसम के बीच करीब चार दिन ऐसे ही गर्मी-सर्दी बनी रहेगी। 29 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में मौसम फिर बदलेगा।
हवाओं की गति धीमी रहने से दिन का तापमान आंशिक रूप से बढ़ा है। बृहस्पतिवार को तेज धूप के चलते मौसम गरम रहा। हालांकि रात का मौसम कुछ ठंडा महसूस हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र पर अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में .5 की बढ़ोतरी और रात के तापमान में .3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 27 नवंबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। दिन में हवा की रफ्तार धीमी रहेगी। जबकि रात का तापमान गिरेगा। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत रहेगी, जबकि सुबह और शाम के समय सर्दी का असर अभी ऐसे ही बना रहेगा।
-- शीत लहर थमने से सर्दी से राहत, रात का तापमान गिरेगा