बीते दो सप्ताह से चला आ रहा चुनाव प्रचार सोमवार शाम पांच बजे थम गया। अंतिम दिन अधिकतर प्रत्याशियों ने जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन कर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया।
बीते दो सप्ताह से चुनाव मैदान में खडे़ प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में रात-दिन एक कर रखा था। सोमवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। आज सबसे पहले निर्दलीय प्रत्याशी पंकज नागर ने काफिले के साथ जुलूस निकाला। इसके बाद हजारों कार्यकर्ताओं और वाहनों के काफिले के साथ निर्दलीय प्रत्याशी अशोक चौधरी ने जुलूस निकालकर लोगों से वोट देकर विजयी बनाने की अपील की। उनका रोड शो पक्का तालाब झारखंडी मंदिर से शुरू होकर पूरे नगर में भ्रमण किया। उनके साथ रजनीश विश्वकर्मा, उमेश चौधरी, रतन सिंह, पूर्व चेयरमैन उमा रस्तोगी, संजय शर्मा, संजय चौधरी, मुकेश, रामवीर, रीना, सुमन, राजू, प्रेमलता, मुदित, लक्ष्मेंद्र शर्मा आदि काफी संख्या में थे। निर्दलीय प्रत्याशी राहुल कुमार ने निर्दलीय प्रत्याशी अशोक चौधरी को समर्थन दिया।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी रवि गोला का जुलूस उत्सव मंडप से शुरू हुआ। इसमें विधायक दिनेश खटीक पूरे समय साथ रहे। इनके काफिले में भी बड़ी तादाद में कार्यकर्ता रहे। वाहनों का लंबा काफिला भी था। जुलूस में कृष्ण मोहन पालीवाल, अमरीश रस्तोगी, डा. सुशील चौधरी, सुभाष गाबा, राखी गोला आदि काफी संख्या में थे। उनके साथ वार्ड प्रत्याशी भी जुलूस में शामिल रहे। इनके अतिरिक्त बसपा प्रत्याशी मौ. फराहीम, निर्दलीय प्रत्याशी अमीर आजम, निर्दलीय प्रत्याशी संजय सैनी, सपा प्रत्याशी दीपक गिरी, कांग्रेस प्रत्याशी अय्यूब कालिया, निर्दलीय प्रत्याशी आस मोहम्मद, मीम पार्टी के प्रत्याशी निजामुद्दीन आदि ने जुलूस निकालकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया।
रोड शो के दौरान समर्थकों में तनाव
अशोक चौधरी सर्मथकों के साथ रोड शो निकालते हुए चौहान चौक पहुंचे। उनके साथ गाड़ी में खडे़ समर्थन देने वाले राहुल कुमार ने माइक लेकर पूर्व चेयरमैन के कार्यों के बारे में बोलना शुरु किया। इसका वहां उपस्थित कुछ युवकों ने विरोध कर दिया। इससे दो प्रत्याशियों के समर्थकों में तनाव उत्पन्न हो गया। वहीं राहुल कुमार का कहना था कि एक पार्टी के कुछ कार्यकर्ता जानबूझकर विवाद करना चाहते थे।