नानू मार्ग पर मढियाई के निकट स्थित 132 केवीए विद्युत बिजलीघर से छुर के लिए जा रही 33 केवीए लाइन में शनिवार सुबह गन्ने का ओवरलोड ट्रक उलझ गया। हालांकि उस समय लाइन में करंट नहीं था। ट्रक नहीं रुकने पर विद्युत लाइन के आठ पोल टूट गए। हालांकि चालक ट्रक मौके से चला गया। इसकी जानकारी पाकर विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन दुरुस्त करने में जुट गये। इस घटना से छुर बिजलीघर से जुडे़ आधा दर्जन से अधिक गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, पुलिस प्रशासन ओवरलोड गन्ने के ट्रकों पर कार्रवाई करने से पल्ला झाड़ रहा है। उधर, थानाध्यक्ष धर्मेद्र सिंह राठौर द्वारा नगर में दिन के समय भारी वाहनों प्रवेश पर रोक हटाने देने से उन्हें खुली छूट मिल गई है।
नगर में ओवरलोड गन्ने के ट्रक धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। ये किसी भी समय बडे़ हादसे का सबब बन सकते हैं। नगर में गन्ने के ट्रकों से कई बार विद्युत तार एवं पोल टूटने की घटनाएं हो चुकी हैं। शनिवार को मढियाई स्थित 132 केवीए बिजलीघर के निकट सरधना नानू मार्ग पर बड़ा हादसा होने से बचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब दस बजे गन्ने का ट्रक ओवरलोड ट्रक विद्युत तारों में उलझ गया। गनीमत रही उस समय विद्युत आपूर्ति बंद थी। उस समय मार्ग पर कोई राहगीर तारों एवं विद्युत पोल की चपेट में नहीं आया। एक दुकानदार अवश्य पोल के नीचे दबने से बचा। विद्युत लाइन के तार एवं पोल टूटने पर मार्ग पर यातायात काफी देर के लिए बाधित हो गया। वहीं, चालक हादसे के बावजूद ट्रक लेकर चलता बना। इसकी सूचना पाकर विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुुंचे और मार्ग से विद्युत तार एवं पोल हटवाए। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। छुर बिजलीघर की 33 केवीए विद्युत लाइन टूटने से बपारसी, पाली,मुल्हैड़ा, छुर समेत आधा दर्जन गांवों की विद्युत सप्लाई बाधित हो गई। वहीं, कस्बे में भी घंटों सप्लाई प्रभावित रही। इसे दोपहर बाद सुचारू करा दिया गया। समाचार लिखे जाने तक छुर बिजलीघर की विद्युत लाइन सुचारू नहीं हो सकी थी। विद्युत कर्मचारी लाइन दुरस्त करने में जुटे रहे। लोगों का कहना है कि कई जगह विद्युत पोल जर्जर हाल में हैं। उनके टूटकर गिरने का खतरा हर समय बना रहता है। वहीं दूसरी तरफ गन्ने के ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई नहीं होने पर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता है।
ओवरलोड गन्ने के ट्रकों द्वारा आये दिन हादसा होने की जानकारी मिल रही है, जल्द ही अभियान चलाकर इस संबंध में कार्रवाई की जायेगी। -राकेश कुमार सिंह, एसडीएम सरधना
मढ़ियाई बिजलीघर के निकट विद्युत लाइन के पोल ओवरलोड गन्ने के ट्रक में तारों के उलझ जाने पर टूटकर गिर गये। विद्युत लाइन को ठीक कराया जा रहा है।-अनीस खान, एसडीओ सरधना
कस्बे में भी दोपहर तक प्रभावित रही आपूर्ति
छूर क्षेत्र में देर शाम तक आपूर्ति नहीं हो सकी थी बहाल