जानीखुर्द। नगर पंचायत सिवालखास के निकाय चुनाव प्रचार में प्रत्याशी पूरा जोर लगा रहे हैं। इतना ही नहीं प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों पर शाम होते ही दावतों का दौर शुरू हो जाता है।
नगर पंचायत सिवालखास का अध्यक्ष पद इस बार महिला के लिए आरक्षित है। अध्यक्ष पद के लिए 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, 14 सभासदों के पदों के लिए 54 प्रत्याशी अपना भाग्य अजमा रहे हैं। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए हर हथकंडे अपना रहे हैं। दिनभर प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर वोट मांग रहे हैं। शाम होते ही प्रत्याशियों के कार्यालयों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा होनी शुरू हो जाती है। प्रत्याशी इस भीड़ को अपनी ओर मोड़ने के लिए कार्यालयों पर पकवानों और अन्य खाने पीने के इंतजाम पहले से रखते हैं। कई प्रत्याशियों के कार्यालयों पर महिलाओं के लिए खाने पीने की अलग व्यवस्था की हुई है। वहीं, मतदाताओं की चुप्पी और हर प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय पर जमा भीड़ के चलते प्रत्याशियों की नींद हराम है। वे अंदाज नहीं लगा पा रहे हैं कि किस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव की लहर चल रही है।