मेरठ। पसवाड़ा पेपर मिल द्वारा प्रतिबंधित केमिकल प्रयोग करने और स्टॉक से अधिक केमिकल पाए जाने के मामले में सीबीआई ने सोमवार को एसीजेएम कोर्ट-1 में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी।
पसवाड़ा पेपर मिल के खिलाफ शिकायत मिलने पर सन 2008 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छापा मारकर प्रतिबंधित केमिकल बरामद किया था। सीबीआई की जांच में राजेश्वर, अरविंद, कपिल, विनोद, शिवकुमार वर्मा तथा मै. पसवाड़ा के खिलाफ पूर्व में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
आरोप पत्र दाखिल होने के बाद आरोपियों की तरफ से हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी थी। जिसमें हाईकोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ दंडात्मक आदेश न पारित करने के आदेश दिए थे। इस मामले में सीबीआई ने जांच पूरी कर 11 और लोगों को आरोपी पाया। जिनमें नीलम वर्मा, रीतू महेंदु, मनीष महेंदु, अनिल ओमप्रकाश गांधी, पृथ्वीनाथ प्रसाद, राजेंद्र भइया लाल, नरेश बलवंत राय, नितिन बलवंत राय, हरीश कुमार महेंदु, मै. विनर इंटरप्राइजेज प्रालि., थिनसॉल्व केमिकल प्रालि. के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट-1 में धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के अलावा साजिश रचने और 7/9 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आरोप पत्र दाखिल कर दिया। कोर्ट के प्रभारी इसका संज्ञान ले लिया है।
खास बात
- सन 2008 में सीबीआई ने पसवाड़ा पेपर मिल में मारा था छापा
- पकड़ा था प्रतिबंधित केमिकल, एसीजेएम कोर्ट में दाखिल आरोपपत्र