प्राचीन दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में पंचमेरू नंदीश्वद्वीप जिनालय में चल रहे श्री सिद्धचक्र विधान के दूसरे दिन रविवार को सर्वप्रथम जाप अनुष्ठान एवं मुख्य वेदी के अभिषेक के उपरांत विधान स्थल पहुंचकर अभिषेक एवं शांतिधारा की गई।
शांतिधारा करने का सौभाग्य सुषम, मनीष जैन, आशीष जैन को सपरिवार प्राप्त हुआ। इसके बाद नित्य-नियम पूजन करते हुए पंचमेरू नंदीश्वरद्वीप जिनालय के साथ भगवान शांतिनाथ की पूजा-अर्चना की गई। तदोपरांत श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान करते हुए। 64 रिद्धियां एवं मन, वचन, काय, कृत , कारित, अनुमोदना, समारम्भ, आरम्भ आदि द्वारा कषाय एवं पाप पर विजय पाने हेतु 128 अर्घ्य मांडले पर समर्पित किये गये। अर्घ्य समर्पण करने का सौभाग्य क्षेत्र के मंत्री एवं विधान में उपस्थित विजय कुमार, राजेन्द्र जैन, विनोद जैन, अनिल जैन, विकल्प, प्रेमचंद, महेश जैन, मनमोहन, प्रमोद जैन आदि के साथ सभी इन्द्रों को प्राप्त हुआ। क्षेत्र पर विराजमान मुनि 108 श्री भाव भूषण जी महाराज ने धर्म सभा में कहा कि आत्मा का स्वरूप सिद्धत अवस्था को प्राप्त करना है। आज व्यक्ति अपने हित को छोड़कर दूसरो़ के अहित में लगा हुआ है। वह अपने दु:ख से दु:खी न होकर दूसरों के सुख से दु:खी है। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। व्यक्ति को अपने अवगुण देखने चाहिए और दूसरे के गुणों को देखना चाहिए। उस जैसा बनने का प्रयत्न करना चाहिए। यदि ऐसा व्यक्ति करने लगे तो वह सर्वोच्च पद को प्राप्त करता है। वह जगत में महान हो जाता है। इस विधान करने से प्राणी संसार चक्र से छूटकर सिद्धशिला को प्राप्त करता है। साय्रकालीन सभा में मंगल आरती भजन एवं भक्ति का कार्यक्रम किया गया। वहीं, प्रश्न मंच का भी आयोजन किया गया। जिसमें देश-देशान्तर से पधारे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आज के पुरस्कार सिद्धचक्र विधान के आयोजक डेजी जैन, विकल्प जैन, साक्षी जैन ने प्रदत्त किये। जिसमें उत्तर प्रान्तीय गुरुकुल हस्तिनापुर के सभी नन्हें मुन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश जैन महाप्रबंधक, अशोक जैन, उमेश जैन, अतुल, कमल, मणीचन्द आदि का सहयोग रहा।
रक्तदान से कमजोरी नहीं
हस्तिनापुर। भारत विकास परिषद द्वारा कस्बे के एसडी पब्लिक स्कूल में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन परिषद की प्रांतीय महिला संयोजिका माला चन्द्रा ने किया। उन्होंने कहा कि रक्त दान मनुष्य के हित में है। इससे मानव शरीर में नये रक्त का संचार होता है और इससे किसी प्रकार की कमजोरी भी नहीं आती है। हमें समाजसेवा के इस कार्य को अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम ने रक्त संग्रह किया। इस अवसर पर हरजीत सिंह साहनी, विद्यासागर जैन, सुनील कुमार यादव, मनोज अहलावत, सोमनाथ पपनेजा, पूर्व चेयरमैन अरुण कुमार, गोपाल कुकरेजा, सुशील यादव, मुकेश ठाकुर, गुरुप्रीत साहनी, सविता शर्मा, संजीव कर्णवाल, सविन्द्र कुमार, अरविन्द कुमार आदि का सहयोग रहा।
कार्तिक पूर्णिमा मेले में पहुंचने लगे दुकानदार
हस्तिनापुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बूढ़ी गंगा के निकट लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले में दुकानदारों का पहुंचना प्रारंभ हो गया है। हस्तिनापुर से चेतावाला जाने वाले मार्ग पर अष्टापद मंदिर के समीप दुकानें, झूले एवं अन्य दुकानें सजने लगी हैं। श्रद्धालुओं के लिए बूढ़ी गंगा में स्नान करने के लिए पुल के निकट घाट की सफाई प्रारंभ कर दी गई है। बूढ़ी गंगा के घाट के आसपास बहुत सारी टाटा एवं अन्य घास जमा रहती है। जिसे नगर पंचायत कर्मियों ने हटाकर सफाई की। स्नान के लिए घाट तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। अधिशासी अधिकारी निषाद मधुरमय का कहना है कि ऐतिहासिक महाभारतकालीन नगरी में लगने वाले मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु आकर स्नान करके धर्मलाभ अर्जित करते हैं। उनके लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। यहां कार्तिक पूर्णिमा मेला अवसर पर पहुंचने वाले विदुर कुटी, दानवीर कर्ण मंदिर, द्रोपदी घाट, नवलदेह कूप, प्राचीन पाण्डेश्वर मंदिर, द्रोपदेश्वर शनि मंदिर एवं जैन धर्म के मंदिरों में भगवंतों के भी दर्शन कर धर्मलाभ लेते हैं। मेला स्थल के आसपास आरक्षित वन जंगी है। जिसमें जीव-जंतुओं का वास है। इसको देख भी श्रद्धालु प्रसन्न होते हैं।
मंदिरों में तैयारी तेज
यहां लगने वाले बूढ़ी गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले एवं जैन श्वेताम्बर तीर्थ पर 2 नवम्बर से लगने वाले तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा वार्षिकोत्सव की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। जिसमें श्री जैन श्वेताम्बर मंदिर, श्री अष्टापद मंदिर, प्रथम तीर्थंकर श्री ऋषभदेव भगवान, पारणा मंदिर समेत सभी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जा रहा है।
सिंचाई विभाग की कार्रवाई पर ऐतराज जताया
हस्तिनापुर। क्षेत्र के ग्राम आसिफाबाद में स्थित मध्य गंग नहर पटरी पर झोपड़ी डालकर रहे लोधी जाति के लोगों को सिंचाई विभाग द्वारा हटाये जाने पर पूर्व विधायक भाजपा नेता गोपाल काली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मुलाकात की।
पूर्व विधायक गोपाल काली ने कहा कि लोधी जाति के लोग भाजपा के प्रबल समर्थक हैं। आसिफाबाद स्थित मध्य गंग नहर पटरी पर वर्षों से लोधी जाति के लोगों ने झोपड़ी डालकर जीविका चला रहे हैं। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारी उनका उत्पीड़न रहे हैं। लोधी जाति के लोगों के घरों को उजाड़ कर बेघर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गरीबों की झोपड़ी उजाड़ने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत की जायेगी। वहीं, गोपाल काली ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन मलिक से फोन द्वारा वार्ता कर इस तरह की कार्रवाई का विरोध किया। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश सरकार लोधी जाति के लोगों को शौचालय एवं बिजली की सुविधा देकर उनकी देखरेख कर रही हैं, लेकिन सिंचाई विभाग उनका उत्पीड़न कर रहा है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोधी जाति के लोगों ने भाजपा को हमेशा मत देकर जीत दिलाई है। यहां जयनारायण त्यागी, सतेन्द्र त्यागी, अवनिश शर्मा, श्यामलाल गिरी आदि मौजूद रहे।