मेरठ। माल रोड पर शनिवार शाम कार की बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने व्यापारी की पत्नी सहित दो महिलाओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक कार व्यापारी की पत्नी चला रही थी जबकि मृतक के परिजनों का आरोप है कि कार दूसरी महिला चला रही थी जो कार चलाना सीख रही थी। उसी से एक्सीडेंट हुआ पर पुलिस ने जानबूझकर उसकी बजाय उस महिला को चालक दिखाया जिसके पास पुराना ड्राइविंग लाइसेंस आदि पूरे कागजात हैं। निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाने पर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार जय भीमनगर भावनपुर निवासी शेखर बादल (25) पुत्र रामबीर जेल चुंगी स्थित एक निजी कंपनी में जॉब करता था। शाम करीब चार बजे शेखर अपनी एफ जेड बाइक से कैंट इलाके से लौट रहा था। माल रोड पर लालकुर्ती थाने के पास सामने से आ रही वैगन आर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिसमें शेखर दूर जाकर गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शेखर का हेलमेट टूट गया और सड़क पर गिरते ही शेखर की मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार कार हंडिया मोहल्ला लालकुर्ती निवासी घड़ियों के थोक व्यापारी राजबीर सूरी की पत्नी प्रीति चला रही थी। उसके साथ कार में एक महिला भी थी। पुलिस ने कार कब्जे में लेते हुए शेखर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ लालकुर्ती बिरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी कार चालक प्रीति के खिलाफ शेखर के पिता ने केस दर्ज कराया है।
परिजनों का आरोप कुछ ओर
युवक शेखर के परिवार के सदस्य ज्ञानेन्द्र, सोहनवीर आदि का कहना है कि प्रीति कार नहीं चला रहा था। एक्सीडेंट के बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे और वहां प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दूसरी महिला कार चलाना सीख रही थी। उसी की लापरवाही से शेखर की बाइक में टक्कर लगी। प्रीति तो उसे कार चलाना सिखा रही थी। आरोप है कि िपुलिस ने जानबूझकर प्रीति को आरोपी बनाया क्योंकि प्रीति के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी है। हो सकता है कि कार सीख रही महिला के पास ड्राइविंग लाइसेंस हो ही नहीं और यदि हो भी तो केवल लर्निंग। शेखर के परिजनों ने सही कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर हंगामा भी किया।
तेज थी बाइक की गति
पुलिस का मानना है कि घटना के वक्त बाइक की गति काफी तेज थी। शेखर का हेलमेट तो टूटा ही, कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। कार और बाइक का टेक्निकल मुआयना कराया जाएगा। वहीं, प्रीति की सिफारिश में पुलिस पर कई बड़े लोग दबाव बनाते रहे। पुलिस अधिकारियों को भी फोन कर आरोपी महिला को छोड़ने की सिफारिशें लगाई गईं।
खास बात
- परिजनों का आरोप, कार सीख रही महिला ने लापरवाही से मारी युवक की बाइक में टक्कर पर पुलिस ने कार सिखा रही महिला को बना दिया आरोपी
- माल रोड पर शनिवार शाम हुई घटना, पुलिस ने दो महिलाओं को लिया हिरासत में