भाकियू नेताओं ने प्रभारी अधिकारी का किया घेराव, हंगामा
मोदीपुरम। राजकीय शीतगृह केंद्र पर रखे आलू बीज की जांच करने के लिए मंडलायुक्त के निर्देश पर दूसरे दिन भी टीम पहुंची। टीम ने जांच करने के बाद वहां पर कोल्ड स्टोरेज पर ताला लगा दिया। इस बीच भाकियू नेता भी वहां पहुंच गए और उन्होने प्रभारी अधिकारी का घेराव कर हंगामा किया। जांच चलने तक कोल्ड स्टोरेज पर ताला लगा रहेगा।
मोदीपुरम के पल्हेडा चौराहे पर राजकीय शीतगृह केंद्र है। यहां पर सरकारी आलू का बीज रखा जाता है। दौराला निवासी गौरव ने मंडलायुक्त से शिकायत की थी कि शीतगृह प्रभारी योगेश कुमार ने आलू की विभिन्न प्रजातियों का प्राईवेट बीज रख रखा है। किसानों को भी बीज देने में धोखाधड़ी की जा रही है। कमिश्रर के निर्देश पर टीम दूसरे दिन परियोजना अधिकारी भानू प्रताप और जिला कृषि अधिकारी ने शीतगृह केंद्र पर पहुंचकर जांच की। आलू के बोरे को देखा और उनके टैग और आलू बीज की क्षमता के बारे में भी जानकारी ली। इस बीच सूचना मिलते ही भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष नवाब सिंह अहलावत व संगठन महामंत्री संजय चौधरी भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। शीतगृह केंद्र प्रभारी योगेश कुमार का घेराव कर हंगामा किया। भाकियू नेताओं का कहना है कि आलू बीज में धांधली की जा रही है और किसानों के साथ धोखाधड़ी हो रही है। भाकियू इसकी लड़ाई लडेगा और कमिश्रर से भी मिला जाएगा।
एक दिन मौका दिया गया आरोपी को
मोदीपुरम। भाकियू नेता संजय चौधरी और नवाब सिंह अहलावत का कहना है कि शीतगृह केंद्र पर रखे आलू की बीज की जांच करने पहुंची टीम को पहले आरोपी ने नाश्ता कराया, उसका नाश्ता करने के बाद ही जांच की गई। किसान नेताओं का कहना है कि टीम ने बुधवार को भी जांच की थी। लेकिन ताला बृहस्पतिवार को लगाया। आरोपी को इतना मौका क्यों दिया गया कि जो प्राइवेट कंपनी के बोरे रखे हैं, उनको गोदाम से हटाया जा सके। टीम की जांच निष्पक्ष नहीं है।