मोदीपुरम/मेरठ। पार्टी के सत्ता में आने के बाद से अनुशासन की बात करने वाली भाजपा के नेता अपनी मर्यादा भूल रहे हैं। सोमवार को टोल प्लाजा पर एक ही लेन में दो भाजपा नेताओं की गाड़ी आमने-सामने आ गई। लेकिन कोई भी अपनी गाड़ी पीछे हटाने को तैयार नहीं हुआ। गंभीरता का परिचय देने के बावजूद आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा। जिससे जाम लग गया। बाद में पुलिस और टोल अधिकारियों ने गलत लेन में आयी कार को हटवाकर मामला रफा-दफा किया।
मामला दोपहर करीब 12:30 बजे का है। टोल की 4 नंबर लेन में दौराला के भाजपा मंडल महामंत्री गौरव चौहान साथियों के साथ कार से दौराला की और जा रहे थे। जबकि मुजफ्फरनगर के भाजपा नेता धर्मवीर बालियान होंडा गाड़ी से कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ आ रहे थे। पुलिस के अनुसार धर्मवीर की गाड़ी सही लेन में थी, जबकि मंडल महामंत्री गलत लेन में गाड़ी ले आए। दोनों की गाड़ी आमने-सामने आने पर कोई भी गाड़ी पीछे हटाने को तैयार नहीं हुआ। लेन में ही गाड़ी खड़ी कर दोनों नेता आपस में भिड़ने लगे। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की हो गयी। काफी बखेड़े के बाद टोल मैनेजर राजीव चौधरी, सुरक्षाधिकारी मनिंदर विहान और दौराला पुलिस ने मंडल महामंत्री की गाड़ी हटवाकर मामला शांत कराया। भाजपा नेता वहां पर अपनी मर्यादा ही भूल गए, आधा घंटे तक एक गाड़ी को टोल पर खड़ी कर तू तू मै मैं ही लगे रहे।
खास बात
- टोल की लेन में आमने-सामने फंसी गाड़ी, नहीं हुआ कोई हटाने को तैयार
- आधा घंटे तक चला हंगामा, धक्कामुक्की हुई, जाम लगा, पुलिस ने गलत तरीके से आई गाड़ी हटाई