करनावल कस्बे की दलित बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के आए दिन देरी से आने के कारण बच्चे गेट के बाहर ही समय पूरा करते हैं। वे शिक्षकों के स्कूल पहुंचने के बाद ही अंदर घुस पाते हैं। इस संबंध में सोमवार को भाजपा नेता के साथ महिलाओं ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने इस बाबत कमिश्नर से शिकायत करने की भी चेतावनी दी।
करनावल कस्बा स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर दो में कस्बा निवासी शिक्षक तैनात है। उनके देरी से स्कूल पहुंचने के कारण बच्चे स्कूल गेट पर ही समय गुजारते हैं। इसके बावजूद शिक्षकों को जरा भी फिक्र नहीं है। सोमवार को भाजपा नेता हरिओम जाटव के साथ दलित महिलाओं ने स्कूल गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बताया कि स्कूल में एक शिक्षक एवं शिक्षिका तैनात हैं। ये दोनों ही आए दिन देरी से स्कूल पहुंचते हैं। जिसके चलते बालक घरों से तैयार होकर स्कूल पहुंचते हैं परंतु वहां ताला लगा होता है। इस वजह से वे गलियों में चक्कर काटते रहते हैं। कई बार तो बच्चे घरों को लौट जाते हैं। अभिभावकों ने डीएम से शिकायत कर दूसरे शिक्षकों की तैनाती कराने का आग्रह किया है। इस दौरान समंत्रा देवी, कैलाशो, सावित्री देवी, जितेंद्री, उषा तथा संहसरपाल आदि मौजूद रहे।
कोट
नवरात्र में स्कूल का समय नौ बजे कर रखा है। स्कूल सही समय पर खोला जाता है।- ब्रह्मपाल सिंह, इंचार्ज अध्यापक प्राथमिक विद्यालय नंबर दो करनावल
मुख्य बातें
स्कूल समय से नहीं खुलने पर परेशान रहते हैं बच्चे