बपारसी गांव के पास रविवार रात हुआ हादसा, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना।
कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर बपारसी गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से रविवार रात एक तेंदुए की मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। जानकारी होने पर वन विभाग की एसडीओ अदिति शर्मा और वाइल्ड लाइफ के एसडीओ चौधरी राजसिंह टीम के साथ मौके पर पहुुंचे। टीम ने शव को कब्जे में लेकर गंगनहर पुल के पास स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय ले गए। इसके बाद बाद पशु चिकित्सा विभाग से तीन सदस्यीय डाक्टरों ने उसका पोस्टमार्टम किया। बाद में गंगनहर की पटरी पर ही वन विभाग की जगह में तेंदुए के शव का दाह संस्कार कर दिया गया। एसडीओ वन विभाग और एसडीओ वाइल्ड लाइफ ने पूरी घटना की वीडियोग्राफी कराई। इस दौरान वन दरोगा ओमदत्त शर्मा, रोहताश, नटवर, मनोज कुमार, गुलशन आदि मौजूद रहे।