तहसील परिसर में हुई बैठक में एसडीएम ने दी कब्जा करने वालों को दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
नगर में अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए रविवार को एसडीएम ने ग्राम प्रधानों तथा नगर के गणमान्य लोगों, व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि शीघ्र ही एक टीम बनाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से फुटपाथ पर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी।
बैठक में आए जयचंद फौजी ने सड़क किनारे खड़ी ठेली की समस्या, विलियम भैंसा ने भैंसा रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लेखपाल को आदेशित करने की मांग की। व्यापारी नेता शैवाल दुबलिश ने अतिक्रमण की सीमा निर्धारित कर व्यापारियों को बताने की मांग की। उन्होंने मिल पेराई सत्र के दौरान गन्ने से लदे वाहनों से लगने वाले जाम की समस्या को रखा। भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. महेंद्र रस्तोगी ने बिजली आपूर्ति सुचारु कराने तथा नगर की सफाई व जलापूर्ति दुरुस्त करने की मांग की। विहिप नेता सौरभ शर्मा ने कहा कि शुरुआत में नगर में अवैध रूप से चल रहे कटान पर पाबंदी के चलते नगर की अधिकांश मीट दुकानें बंद हो गई थी। लेकिन अब फिर से नियम कानून को ताक पर रखकर मीट की दुकानें चल रही हैं। अवैध कटान हो रहा है।
एसडीएम ने ने कहा कि ऐसी दुकानों को चिहिंत कर कार्रवाई की जाएगी। ठेली वालों के संबंध में नगर पालिका के जेई जयपाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बस पर लटककर जाने वाले छात्रों के खिलाफ थाना प्रभारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि शीघ्र ही एक कमेटी बनाकर अतिक्रमण पर कार्रवाई की शुरुआत की जाएगी। बैठक में शहर काजी मौलाना नफीस अहमद खां कासमी, प्रवीण जैन, मनोज, भाजपा नगर अध्यक्ष सुभाष दीक्षित, राजकुमार दुधली, नरेश चौधरी, व्यापारी नेता अरुण गुप्ता, अय्यूब कालिया, राजेंद्र चौहान, ज्ञानेंद्र भाटी, राजेंद्र जाटव, आशीष रस्तोगी, संजय आदि उपस्थित थे।