सरूरपुर। ब्लॉक के गांव पांचली बुजुर्ग में स्वच्छता अभियान के प्रति जनजागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। वहीं, रैली से पूर्व स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
गांव पांचली स्थित परिषदीय जूनियर हाईस्कूल में शनिवार को स्वच्छता अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें बच्चों ने लघु नाटक एवं गीतों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान राज्य सरकार से पुरस्कृत प्रधानाध्यापक अयूब खां ने बच्चों को स्वच्छता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास सफाई करनी चाहिए। जिससे भारत के स्वच्छता मिशन को कामयाबी मिल सके। स्कूल में कार्यक्रम के बाद गांव में जनजागरूकता रैली निकाली। जिसमें बच्चों ने स्लोगन रूपी नारे लिखी तख्तियां हाथ में ले रखी थी। इस दौरान एडीओ पंचायत राजवीर सिंह, प्रधान पति शहजाद, असजद फानी, अंकित, आबिद अली, नौशाद आदि उपस्थित रहे।