सपा के छात्र सभा जागरूकता कार्यक्रम में मेरठ जिला प्रभारी एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री सिर्फ मन की बात करते रहेंगे या कभी विकास, नौजवानों को रोजगार देने की बात भी करेंगे।
उक्त विचार एमएलसी आनंद भदौरिया ने शनिवार को गार्डन सिटी मंडप में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। उन्होंने भाजपा और प्रदेश के मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की किसी को फिक्र नहीं है। पूरा प्रदेश त्राहि-त्राहि कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ सपा और सपा मुखिया ही छात्र एवं नौजवानों की आवाज उठा सकते हैं।
वहीं, छात्र नेता अतुल प्रधान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सिर्फ विकास की राजनीति की। मौजूदा मुख्यमंत्री जुमलेबाजी की राजनीति कर रहे हैं। पूर्व सीएम ने गाय अथवा धर्म की राजनीति नहीं की। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राजदीप विकल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक सुबोध गुर्जर ने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में अमित राणा, विशाल पोसवाल, सुशील पोसवाल, अंशुल भाटी, आलोक भाटी, रिक्की, मुकुल पोसवाल, सोनू प्रधान, आकाश कामिल, जुबेर खान आदि काफी संख्या में उपस्थित थे।
बच्चों को संस्कारवान बनने के लिए प्रेरित किया
मवाना।
एसवीएस इंटरनेशनल स्कूल में चल रहे स्काउट कैम्प का शनिवार को समापन हो गया। कैंप में भाग लेने छात्र-छात्राओं को पंचताल, रक्तचाप नियंत्रण और सलामी देने के चार-चार तरीके, टेंट बनाना, मरीज के प्राथमिक उपचार की विधि, बिना ईंधन भोजन बनाना आदि का प्रशिक्षण दिया। इसके अतिरिक्त चम्मच नींबू दौड़, बोरी दौड़, लड्डू गेम, अर्जुन गेम आदि का भी बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। स्काउट के जिला संगठन आयुक्त अमरदीप चौधरी और उनकी टीम ने बच्चों को संस्कारवान और आज्ञाकारी बनने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, प्री नर्सरी से यूकेजी कक्षा तक के बच्चों के लिए सैंडविच पार्टी का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने शिक्षिकाओं के निर्देशन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट सैंडविच बनाने सीखे। वहीं, मनमोहक कविताएं प्रस्तुत कीं। स्कूल के प्रधानाचार्य जेएस राणा ने हरी सब्जियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को हरी सब्जियां खाने के लिए प्रेरित किया। एसवीएस ग्रुप के डायरेक्टर भूपेन्द्र सिंह, ग्रुप संस्थापक सुरेश पाल सिंह ने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया तथा संपूर्ण स्टाफ को धन्यवाद दिया।