लावड़- सोफीपुर मार्ग पर इंद्रप्रस्थ कालोनी के बाहर दो आवासीय भूखंडों में बनाए गए अवैध कांप्लैक्स पर एमडीए का महाबली गरजा। बृहस्पतिवार को पूरे लाव लश्कर के साथ पहुुंची एमडीए की टीम ने दुकानों को ध्वस्त कर दिया। आगे की चार दुकानें पूरी तरह से जमींदोज हो गई, जबकि पीछे की 24 दुकानों पर भी ध्वस्तीकरण किया गया।
इंद्रप्रस्थ कालोनी के प्लाट संख्या ए/110 और ए/111 में अमित रस्तोगी और संजीव रस्तोगी ने बिना एमडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए हीअवैध रूप से 28 दुकानें बना दी। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने कमिश्नर डा. प्रभात कुमार से की तो कमिश्रर ने एमडीए की टीम को भेजकर एक सितंबर को इस पर सील लगवा दी। साथ ही ध्वस्तीकरण के लिए निर्देश जारी कर दिए।
बृहस्पतिवार को एक्शन में आई टीम
बृहस्पतिवार को एमडीए की टीम तहसीलदार करनवीर सिंह एवं मनोज कुमार के नेतृत्व में सुबह आठ बजे सोफीपुर पहुंच गई। एसओ पल्लवपुरम सुभाष अत्री भी फोर्स के को लेकर वहां पहुंच गए। करीब नौ बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई। आगे की चार दुकानों को एमडीए के बुलडोजर ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस बीच पड़ोस के मकान में रहने वाली एक महिला ने हंगामा कर दिया। उसने कहा कि इस ध्वस्तीकरण से उसके मकान की दीवार में दरार आ गई और वह गिर जाएगी। एमडीए अधिकारियों ने उसे किसी तरह शांत किया और साफ कहा कि उनकी दीवार को कुछ नहीं होगा। पिछली दुकानों में भी गिराने के लिए होल किए गए। इस बीच लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। इस दौरान एई धीरज सिंह, जेई नीरज शर्मा अन्य एमडीए की टीम मौजूद रहे।
बीच में ही रुका महाबली
मोदीपुरम। सोफीपुर-लावड़ मार्ग पर इंद्रप्रस्थ कालोनी में ध्वस्तीकरण के दौरान जेसीबी मशीन खराब हो गई। अचानक जेसीबी मशीन का प्रेशर पाइप फट गया तो कार्य बीच में ही रुक गया। जिसके चलते काफी देर तक ध्वीस्तकरण की कार्रवाई बंद रही। इसके बाद वहीं पर एक मकैनिक को बुलाया गया, जिसके बाद उसे सही कराकर दोबारा से कार्रवाई की गई। कमिश्नर के ध्वस्तीकरण के आदेश थे, जिसके चलते एमडीए की टीम को पूरी कार्रवाई गंभीरता से करनी पड़ी।
वर्जन
एमडीए से बिना नक्शा स्वीकृत कराए ही आवासीय भूखंड में अवैध कॉप्लैक्स बना दिया था। मंडलायुक्त के निर्देश पर 1 सितंबर को सील लगाई गई थी। अब ध्वस्तीकरण किया गया है जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी- मनोज कुमार तहसीलदार एमडीए
वर्जन
कांप्लैक्स को ध्वस्त करने के लिए फोर्स मांगा गया था। जिस पर एमडीए की टीम को फोर्स दे दिया गया। शांतिपूर्ण तरीके से अवैध बनाई गई दुकानें गिरा दी गई हैं- सुभाष अत्री एसओ पल्लवपुरम