मवाना। महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कालेज में आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर के प्रथम दिन बुधवार को बच्चों को विभिन्न आसन कराए गए। इसका आयोजन पतंजलि विद्यापीठ हरिद्वार के तत्वाधान में किया गया। इसका शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक जोगेंद्र धामा ने कराया। शिविर संचालिका रेणु आर्या ने छात्र-छात्राओं को पदमासन, भुजंगासन, मयूरासन, नटराजासन आदि कराया। इनमें होने वाले शारीरिक लाभ के बारे में भी बताया। शिविर में प्रधानाचार्य बीआर धामा ने भी बच्चों को योग के संबंध में जानकारी दी।
निधन पर शोक जताया
मवाना। सिविल बार एसोसिएशन की सभा बुधवार को बार हाल में हुई। इसमें ब्रजपाल सिंह धनगस के मुंशी रोहताश सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक जताया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयानुसार सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अध्यक्षता ओमकार सिंह सिंधु तथा संचालन समीर त्यागी ने किया।
शतरंज में गोल्ड जीतने पर सम्मान
मवाना। क्रीडा भारती ने बुधवार को चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें 28 व 29 अगस्त को हुई प्रतियोगिता में अंडर 9 कैटेगरी में शतरंज में गोल्ड मैडल जीतने वाले मवाना खुर्द निवासी अंशुमन त्यागी तथा अंडर 11 में गोल्ड जितने वाले मवाना खुर्द निवासी अभिनव त्यागी को सम्मानित किया गया।