फलावदा। नगर पंचायत द्वारा मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश के आदेश पर एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया, इसके बाद भी सड़कों के किनारे कूडे़ के ढेर लगे हुए हैं। इससे लोगों में संक्रमण फैलनेे का भय बना हुआ है।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत योजनाएं चलायी जा रही हैं। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश के आदेश पर 17 से 25 अगस्त तक पूरे प्रदेश मे विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत फलावदा के कर्मचारियों द्वारा अभियान की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए खानापूर्ति कर इतिश्री कर दी गई। खतौली मार्ग से थाने के रास्ते पर कूडे़ के ढेर लगने से गंदगी फैल रही है। नगर पंचायत कर्मियों द्वारा इस रास्ते की सफाई न करने पर लोगों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में नगर पंचायत के लिपिक फहीम अहमद का कहना है कि जिन स्थानों पर कूड़े के ढेर लग रहे हैं। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर सफाई व्यवस्था जल्द दुरुस्त करा दी जाएगी।
सड़क हादसे में तीन युवक घायल
फलावदा। दौराला निवासी कपिल, अमित और सोनू बाइक से अपने घर लौट रहे थे। कस्बे के लावड़ मार्ग पर सूरजमल स्कूल के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों घायल होे गए। सूचना पाकर पहुंचेे परिजनों ने घायलों का प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया।
युवाओं ने कबड्डी में किया शानदार प्रदर्शन
फलावदा। मवाना फलावदा मार्ग स्थित ग्राम नंगला हरेरू में एक दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। उद्घाटन सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष सैयद रिहानुद्दीन ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विभाग में युवाओं को आगे बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। जिससे युवाओं के मानसिक और शारीरिक विकास में वृद्धि हो सके। उद्घाटन मैच माछरा और पलडी की टीम के बीच खेला गया। माछरा की टीम ने 20 और पलड़ी की टीम ने 13 अंक अर्जित किए। उद्घाटन मैच में माछरा की टीम ने 7 अंक से जीत अर्जित की। आशू प्रधान, सालिम रिजवी, खुर्रम शमी, आमिर रिजवी, शम्मी आदि मौजूद रहे।