शिक्षिका से दुष्कर्म का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
क्षेत्र के एक ग्राम निवासी प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका ने तमंचे और चाकू के बल पर दुष्कर्म के प्रयास में तहरीर दी। आरोप है कि इस बीच तहरीर बदलकर दो नामजद लोगों के बजाय अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
ग्राम निवासी प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका मवाना खुर्द बस से उतरकर पैदल गांव की तरफ जा रही थी। इस मामले में शुक्रवार रात पीड़ित शिक्षिका के भाई ने थाने में तहरीर दी। उसने गांव के ही दो युवकों को नामजद किया। उसने कहा कि उसकी बहन को खेत में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया गया। वहीं, गले में दुपट्टे का फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित ने थाना प्रभारी को घटना की तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर फेंक दी। बाद में पीड़ित पक्ष ने विधायक दिनेश खटीक से शिकायत की। इस पर विधायक का फोन आने के बाद थाना प्रभारी ने तहरीर ली थी। इसके बावजूद फिर से तहरीर बदल दी गई। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से अज्ञात एक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने 376, 330, 307 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, तहरीर बदले जाने के संबंध में पीड़ित का कहना था कि पहले संदेह के आधार पर तहरीर दी थी। बाद में अज्ञात के खिलाफ दी। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि उनको नहीं पता कि तहरीर क्यों बदली। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है।
मुख्य बातें
पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप