खरखौदा। गांव उलधन से नाबालिग की शादी किए जाने की सूचना पर शुक्रवार को गांव में बाल संरक्षण अधिकारी और आशा ज्योति केंद्र की टीम पुलिस के साथ पहुंची। लेकिन किशोरी के पिता से बेटी की शादी किए जाने से इंकार कर दिया। टीम ने उनसे इस बात का लिखित प्रमाण लिया।
गांव उलधन में दूसरे समुदाय की एक किशोरी को युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी युवक कुछ दिन पहले जमानत पर छूटकर आ गया है। बीते दिन आरोपी युवक को किशोरी की शादी की जानकारी हुई तो उसने डीएम को सूचना दे दी। इसके बाद गांव में बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका भटनागर, आशा ज्योति केंद्र की टीम व खरखौदा पुलिस किशोरी के घर पर पहुंची। लेकिन किशोरी के पिता ने आरोपी युवक पर फंसाने का आरोप लगाकर बेटी की शादी से इंकार किया। बाल सरंक्षण अधिकारी ने किशोरी के पिता से 18 वर्ष की उम्र से पहले बेटी की शादी न करने के बारे में लिखित में लिया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम के साथ वह भी मौके पर थे। यदि किशोरी की शादी की गई तो आरोपी पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।