सरूरपुर। मैनापूठी गांव में मकान के बाहर मीटर लगाते समय अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर के अंदर रखा हजारों का सामान राख हो गया। इस दौरान मीटर लगाने वाले कर्मचारी फरार हो गए। गांव में विद्युत निगम द्वारा विद्युत मीटर लगाने का काम कराया जा रहा है। युवक रामभूल के मकान पर बृहस्पतिवार को मीटर लगाने कर्मचारी पहुंचे। मीटर लगाने के बाद जैसे ही सप्लाई दी तो मीटर के साथ मकान के अन्दर आग लग गई। आग देखकर मीटर लगा रहे युवक फरार हो गए। महिलाओं ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने आग पर पानी व मिट्टी डालकर काबू पाया। इस दौरान शादी के लिए घर में रखा सामान फ्रिज, वाशिग मशीन, मिक्सी, स्टेपलाईजर, इंवर्टर, बैटरे, सोफा समेत हजारों का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने खराब मीटर की बात कहते हुए शुक्रवार को बिजलीघर के घेराव की चेतावनी दी है। एक्सईन मीटर अमन वर्मा का कहना है कि मेरी जानकारी में ऐसी कोई घटना नहीं है अगर मीटर के कारण मकान में आग लगी है तो जांच कराई जायेगी।