खरखौदा। मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर कैली व दादरी के बीच में मंगलवार रात एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी। ट्रेन चालक ने खरखौदा स्टेशन पर मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मेरठ-खुर्जा पैसेंजर मंगलवार रात लेट होने के कारण करीब 11 बजे हापुड़ से मेरठ के लिए थी। इसी ट्रेन से कटकर युवक ने आत्महत्या की। ट्रेन चालक शिव सिंह ने खरखौदा स्टेशन पर इसकी लिखित सूचना दी। खरखौदा स्टेशन के टोकन पोर्टर संजय ने थाना पुलिस को सूचना दी। खरखौदा पुलिस ने करीब 24 वर्षीय युवक का शव बरामद किया। पुलिस के अनुसार मृतक ने नीले रंग की जींस, नीले रंग का ही निक्कर पहना था। शव के पास में ही आसमानी रंग की बूंदीदार शर्ट भी पड़ी मिली। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ कराई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी।