बहसूमा। पुलिस ने रिश्ता मांगने आए युवकों का सोमवार को शांतिभंग में चालान कर दिया है। बता दें कि रविवार को कार सवार जावली थाना लोनी निवासी मंनिदर कसाना अपने दो साथी राजेश और विकास के साथ क्षेत्र के गांव करीमपुर में युवती के घर पहुंचे थे। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी धुनाई कर दी। इतना ही नहीं उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। युवकों की कार से एक बोतल भी मिली थी। जिसमें तेजाब बताया। उसे युवती पर डालने के लिए लाया जाने का आरोप लगाया था। युवती एवं आरोपी मनिंदर का भाई गाजियाबाद में रेलवे में कार्यरत हैं। मनिदंर कसाना का कहना है कि वह गांव में युवती के परिजनों से रिश्ता मांगने आया था। युवती के परिजनों एवं ग्रामीणों ने उनकी धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने आरोपी तीनों युवकों को शांतिभंग में जेल भेज दिया है।
ईख में मिला अजगर
बहसूमा। तजपुरा गांव के बाहरी छोर स्थित मांडी के निकट ईख में विशालकाय अजगर किसी जंगली जानवर को निगल रहा था। अजगर की आवाज सुनकर किसान खेत में पहुंचे और उसे मांडी पर ले आए। उसे देखने के लिए भीड़ लग गई। अजगर मांडी के अंदर कुंडली मारकर बैठ गया। ग्रामीणों ने वन विभाग को कई बार सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक अजगर मांडी में ही बैठा था। इस संबंध में वन दरोगा विनोद कुमार का कहना है कि वे वनकर्मियों को मौके पर भेज रहे हैं।