अवैध कटान के विरोध में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
विहिप, दुर्गा वाहिनी और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर नगर में कई स्थानों पर हो रहे अवैध कटान और बकरीद पर सार्वजनिक स्थानों पर पशु कटान का विरोध करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
नगर पालिका के पास रामलीला मैदान में एकत्रित हुए कार्यकर्ता जुलूस के रुप में तहसील में पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अवैध बूचड़खानों और कटान पर प्रतिबंध लगाया है। मवाना नगर पालिका की मिली भगत से नगर के कई स्थानों पर कटान किया जा रहा है। आरोप लगाया कि गुपचुप तरीके से गोवंश कटान भी जारी है। कहा इससे समाज में रोष व्याप्त है। ज्ञापन में इस पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
वहीं, ज्ञापन में मांग की गई कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था करे कि खुले और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं का कटान न किया जाए। जिससे आम लोगों को समस्या का सामना न करना पड़ रहा है। कुर्बानी में कई प्रकार के जानवरों का कटान किया जाता है। कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेष, हड्डी, खाल आदि जहां तहां खुले स्थान पर न डाली जाए। साथ ही उनको दबवाने की व्यवस्था की जाए। कुर्बानी के नाम पर ऐसा कोई भी कृत्य न किया जाए। जिससे नगर की शांति व्यवस्था बाधित हो। ज्ञापन देने वालों में जिला मंत्री सौरभ शर्मा, आयुश शर्मा, शिखर दुबलिश, सुभाष गाब्बा, लवकुश शर्मा, मोनू कुमार, राहुल शर्मा, हर्ष त्यागी, रजत शर्मा, दीपक गुर्जर, आशु त्यागी, शिवम् रस्तौगी, विहान भाटी, सनी बजरंगी, योगेंद्र जाटव आदि रहे।