बातनौर के ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
गांव बातनौर के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी के नाम नायब तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में गांव के रास्ते से एक व्यक्ति द्वारा किए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। जिससे खेतों में जाने में किसानों को परेशानी न हो।
गांव बातनौर के ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम नायब तहसीलदार मवाना जयेंद्र सिंह को दिए ज्ञापन में कहा कि उनकी बस्ती में 15 लोगों के मकान हैं। जिनका रास्ता गांव के मुख्य मार्ग की ओर जाता है। इस रास्ते पर आगे शिव मंदिर है। इसके दोनों ओर दो ग्रामीणों के खेत हैं। एक खेत मालिक खड़ंजे की नाली को अपनी और मिलाकर दीवार का निर्माण कर रहा है।
जिससे रास्ते की चौड़ाई कम हो गई है। वहीं, बीम खड़ा कर दिए जाने से रास्ता बंद हो गया है। इससे भैंसा-बुग्गी निकलने में परेशानी हो रही है। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान तथा यूपी 100 को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीम हटवा दिया। हालांकि आरोपी नहीं मान रहे हैं। उसने रास्ते में दो फीट चौड़ा तथा पांच फीट गहरा गड्ढा खोद रखा है। पत्र में लेखपाल से रास्ते की पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटवाकर समस्या का समाधान करने की मांग की है। पत्र सौंपने वालों में सुभाष चंद, शोभाराम, नंदराम, सुंदरलाल, राकेश कुमार, राजे, कालूराम, रमेश, विनोद, सुशील आदि हैं।