निरीक्षण के दौरान पुलिस में मचा रहा हड़कंप
एसएसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, निपटरा करने का दिया आदेश
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला/माछरा।
समाधान दिवस पर शनिवार को एसएसपी मंजिल सैनी और जिलाधिकारी समीर वर्मा ने दौराला थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने पर आए फरियादियों से मुलाकात कर रजिस्टर चेक किए। वहीं, लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर जिलाधिकारी समीर वर्मा एवं एसएसपी मंजिल सैनी दौराला थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। थाने पर अचानक आए अधिकारियों को देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। दोनों अधिकारियों ने थाने पर मौजूद दौराला सीएचसी की एएनएम से बात की। एएनएम गांव बड़कली के प्रधान रामवीर की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। एएनएम ने एसएसपी को बताया कि ग्राम प्रधान ने कुछ दिन पहले एक एएनएम से मारपीट, अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली थी। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज है मगर पुलिस ने अभी तक ग्राम प्रधान को गिरफ्तार नहीं किया है। इस पर एसएसपी ने मामले की जांच एसडीएम सरधना को सौंपी। वहीं, ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इनके अतिरिक्त थाने पर आई जीतपुर निवासी एक महिला की भी शिकायत सुनी। महिला ने अपने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया। एसएसपी ने उसके पति को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया। इसके बाद दोनों अधिकारियों नेे थाने के रजिस्टर चेक किए और समाधान दिवस पर मिली शिकायतों एवं समाधान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एसओ धर्मेंद्र कुमार को लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। एसएसपी एवं डीएम थाने में लगभग 20 मिनट तक रहे।
माछरा क्षेत्र के थाना मुंडाली पर समाधान दिवस में एक भी फरियादी नहीं आया और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी पहुंचा। थाना समाधान दिवस की विफलता का ठीकरा प्रशासनिक एवं पुलिस अफसर जनता के सिर पर फोड़ रहे हैं।
थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया
सरूरपुर। एसएसपी ने शुक्रवार देर रात थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया। वह वारदातों पर तत्परता से कार्रवाई करने का आदेश देकर चली गईं।
एसएसपी मंजिल सैनी ने शुक्रवार देर रात्रि सरूरपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, मालखाने की जांच की। इसके बाद पुलिसकर्मियों को अपराधियों पर निगाह रखने की हिदायत दी। उन्होंने वारदातों के खुलासे के लिए अतिरिक्त काम करने का आदेश दिया। जिस पर एसओ ऋषिपाल सिंह मलिक ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए कई टीमें लगाने की बात कही।