भट्ठा व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी, आरोपी ने अपने साथियों के भी नाम बताए
अमर उजाला ब्यूरो।
रोहटा। भट्ठा व्यवसायी से रंगदारी मांगने व राहगिरों से लूटपाट करने के मामले में पकड़े गये कुख्यात राहुल को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं।
चार दिन पूर्व गाव अमानुल्लापुर में स्थित सत्या ब्रिक फील्ड पर कार सवार बदमाश पहुंचे। उन्होंने खुद को कुख्यात मुकीम काला गैंग का सदस्य बताते हुए भट्ठे के मुनीम अशोक से कहा कि अपने मालिक को बोल देना की या तो पांच लाख रुपये दे, नहीं तो जान से मार देंगे। पुलिस ने मुनीम की तहरीर पर गाव अमानुल्लापुर निवासी राहुल पुत्र जगपाल और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम किया था।
बृहस्पतिवार रात राहुल चिंदौड़ी-डालमपुर संपर्क मार्ग पर अपने साथियों के साथ लूटपाट कर रहा था। इस दौरान वहां ग्रामीण पहुंच गए और राहगीर की बाइक लूटकर भागते बदमाशों को घेर लिया। इस बीच बदमाश बाइक समेत गिर गए। ग्रामीणों ने घायल राहुल को पकड़ लिया, जबकि दो बदमाश भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस राहुल को सीएचसी रोहटा ले गई, जहां चिकित्सकों ने राहुल के पैर में फ्रैक्चर बताया। शनिवार को पुलिस उसे अस्पताल से थाने ले आई। पूछताछ में राहुल ने अपने साथियों गाव चिंदौड़ी निवासी रोहित और गांव ढडरा निवासी मोहित व अंकित के नाम बताए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही उनकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े।