सड़क हादसे में ई रिक्शा चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना।
छबड़िया-महादेव मार्ग पर बुधवार को देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से महादेव निवासी ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिये अस्पताल लेकर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा।
महादेव निवासी चालिस वर्षीय आनंद उर्फ रामभूल पुत्र ब्रह्म प्रकाश ई रिक्शा चलाता था। बुधवार रात में वह सवारी छोड़कर छबडिया-महादेव मार्ग से होते हुए वापस गांव लौट रहा था। इस बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। मार्ग से होकर गुजर रहे लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। इस बीच मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। आनंद की मौत पर उसकी पत्नी रेखा सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी।