खेकड़ा (बागपत)।
विद्युत निगम की लापरवाही के चलते नगर की आपूर्ति दिन भर आंख मिचौनी के बीच मात्र दो घंटे आपूर्ति देने से लोग परेशान हैं। साथ ही फीडर नंबर दो का ट्रांसफार्मर फूंकने से नगर के आधे हिस्से की आपूर्ति ठप है। कस्बे के लोगों ने विद्युत निगम के उच्चधिकारियों से हस्तक्षेप कर विद्युत सप्लाई की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की।
विद्युत निगम की लापरवाही के कारण तहसील स्तरीय खेकड़ा नगर की बिजली आपूर्ति बद से बदहाल होकर रह गयी है। मुख्यमंत्री के बीस घंटे के आदेश को ताक पर रख नगर को मात्र बारह से तेरह घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पाती है। बुधवार को नगर के फीडर नंबर एक को चौबीस घंटे में आंख मिचौनी के बीच मात्र दो से तीन घंटे ही आपूर्ति दी। जबकि फीडर नंबर दो की आपूर्ति दिन भर ठप रही। फीडर नंबर दो पर नगर का आधे से अधिक हिस्सा है। इसका अनाज मंडी मार्ग पर रखा ट्रांसफार्मर भी फूंक गया। आधे से अधिक हिस्से की आपूर्ति दिन भर ठप होने से लोगों को पेयजल संकट से दिन भर जूझना पड़ा।
परेशान लोगों ने निगम के अधिकारियों से हस्तक्षेप तक खेकड़ा की विद्युत सप्लाई ठीक कराने की मांग की। उन्होंने कहा अविलंब बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री से शिकायत करने के साथ ही अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। जेई रविप्रताप ने कहा ट्रांसफार्मर फूंकने के कारण नगर की आपूर्ति बुधवार को दिन भर ठप रही। जल्द ही व्यवस्था में सुधार कराया जाएगा।