कालागढ़। भिक्कावाला के खेतों में बाघ से एक युवक ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से वन्यजीवों को ग्रामीण क्षेत्रों में आने से रोकने की मांग की है।
ग्राम भिक्कावाला निवासी अनिल गुसाई मंगलवार की सुबह अपने खेतों में काम करने गया हुआ था। अचानक खेत में बाघ आ पहुंचा। बाघ को देखकर अनिल घबरा गया। बाघ को देखकर अनिल ने शोर मचा दिया और दौड़कर पास में एक पेड़ पर चढ़ गया। बाघ भी पेड़ पर चढ़ने की कोशिश करने लगा। शोर मचाने से वहां से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने भी शोर मचाया। शोर सुनकर बाघ पेड़ पर न चढ़कर जंगल की ओर चला गया। इसके अलावा कालागढ़ में मुख्य मार्ग पर रविदास मंदिर के निकट बाघ दिखाई दिया, जिससे राहगीरों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों प्रधान पति शैलेश प्रसाद काला, शैलेंद्र प्रसाद काला, नितिन काला आदि ने वन विभाग से मांग की है कि गश्त तेज कर वन्यजीवों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकें।