पूर्ति विभाग के अफसरों के समाने हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
धामपुर (बिजनौर)।
गांव पाडली में राशन डीलर की जांच करने गए पूर्ति विभाग के अधिकारियों के सामने ग्रामवासियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने डीलर पर राशन ब्लैक में बेचने का आरोप लगाते हुए हटाने की मांग की। उधर, पूर्ति विभाग की ओर से गांव सरकड़ा चकराजमल के राशन डीलर के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
गांव पाडली मांडू के टीकम सिंह, दिनेश कुमार, मूला सिंह, भारत सिंह, राजेंद्र सिंह, नरेश कुमार, पिंटू सिंह का कहना है कि डीलर के राशन को ब्लैक में बेचने की कई बार शिकायत की गई थी। सोमवार को पूर्ति विभाग के निरीक्षक योगेश कुमार ने गांव में डीलर के खिलाफ जांच करनी शुरू की तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीण डीलर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए हटाने की मांग पर अड़ गए। पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि जांच में डीलर दोषी मिला तो कार्रवाई होगी। उधर डीलर असलम का कहना है कि ग्रामीण राजनीतिक साजिश के तहत उसे फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। एआरओ महेश गौतम ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई पर बात होगी।
उधर, एआरओ ने बताया कि पिछले दिनों ग्रामीणों की शिकायत पर विभाग की ओर से गांव सरकड़ा चकराजमल के डीलर राजेंद्र सिंह की जांच की गई थी। डीलर पर सरकारी राशन को ब्लैक में बेचने का आरोप सही पाया गया है। इसके चलते विभाग की ओर से डीलर के खिलाफ आवश्यक वस्तुु अधिनियम की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
- एक अन्य राशन डीलर के खिलाफ पुलिस को तहरीर