भारत की जीत पर आधी रात तक जश्न
मेरठ। चैम्पियन ट्राफी के पहले मुकाबले में रविवार रात को जैसे जैसे ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज की तो क्रिकेट प्रशंसकों की बेगमपुल पर भीड़ जुट गई। सोतीगंज से बेगमपुल, आबूलेन और पुलिस चौकी के सामने कई सौ लोगों ने पहुंचकर जीत के जश्न में नारेबाजी कर दी। इस दौरान दिल्ली रोड का ट्रैफिक जाम हो गया।
जाम की सूचना पर एसपी सिटी मानसिंह चौहान, एएसपी कैंट अंकित मित्तल, सदर बाजार, लालकुर्ती, रेलवे रोड, देहलीगेट समेत कई थानों की पुलिस को बुला लिया। पुलिस अफसर भीड़ को हटाने की कोशिश में रहे, लेकिन भीड़ बढ़ती रही। बेगमपुल से रेलवे रोड चौराहे तक रात में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसमें दोनों समुदाय के लोग शामिल थे, पुलिस के सामने ही जीत के जश्न में भारत जिंदाबाद के नारे लगाये। घंटो तक बेगमपुल पर भीड़ का बखेड़ा रहा। ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी रात में जाम खुलवाने भी पहुंच गये। रात करीब 12 बजे पुलिस ने किसी तरह मशक्कत करते हुए लोगों को घर भेजा। इस दौरान व्यापरियों और अन्य लोगों ने आतिशबाजी छोड़ी तो ट्रांसफार्मर में आग लग गई, किसी तरह आग को बुझाया गया।
रात में हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुल, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर, शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, देहलीगेट, घंटाघर पर भी समर्थकों ने जीत के जश्न में एकत्र होकर नारेबाजी की। भारत- पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर पहले ही मुख्य स्थानों पर पुलिस तैनात की गई थी। रात में ब्रहमपुरी पुलिस में भी ने किसी तरह लोगों को समझाकर घर भेजा।
- जीत के जश्न में जुटी भीड़ तो लगा जाम
- रात में एसपी सिटी और एएसपी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे
- आतिशबाजी से ट्रांसफार्मर में लगी आग