मेरठ। केंद्र से घर लौट रही आंगनबाड़ी सहायिका से छेड़छाड़ करते हुए उसे घर में खींचने का प्रयास किया गया। युवती का पिता आरोपी के घर विरोध दर्ज कराने पहुंचा तो आरोपी युवक ने अपने भाईयों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। तहरीर लेकर थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष को पुलिस ने जांच कराने की बात कहकर टरका दिया।
मामला खरखौदा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर का है। थाना क्षेत्र निवासी एक युवती आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका है। शनिवार दोपहर घर लौटते समय एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए अपने मकान में खींचने की कोशिश कर दी। युवती के शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर घर में घुस गया। युवती के पिता ने जब आरोपी युवक के घर जाकर इसकी शिकायत की तो आरोपी युवक ने अपने भाईयों के साथ मिलकर उसके पिता को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष तहरीर लेकर थाने पहुंचा था तो पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बजाय उसे जांच का आश्वासन देकर चलता कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर खरखौदा संदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- तहरीर लेकर थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष को पुलिस ने टरकाया