आग से 32 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जली
सरूरपुर। भूनी गांव के जंगल में एचटी लाइन में फाल्ट के बाद उठी चिंगारी से गेहूं की चार बीघा फसल जल गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया जिससे आग दूसरे खेतों तक नहीं पहुंच सकी। भूनी निवासी सुनील पुत्र जय प्रकाश त्यागी के खेत के ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। शनिवार दोपहर अचानक लाइन में फाल्ट हो गया। जिससे उठी चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लगनी शुरू हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने सुनील को जानकारी दी। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक चार बीघा गेंहू की फसल जल चुकी थी। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ रोष जाहिर किया। आरोप लगाया कि कई बार जरजर तारों को बदलने की शिकायत की जा चुकी है पर कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है।
3 बीघा गेहूं की फसल जली
मवाना। अटौरा रोड निवासी एक किसान की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सलीम ने बताया कि शनिवार को उसके खेत में खड़ी गेहूं की फसल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर खेत पर पहुंचा और किसी तरह आग पर काबू पाया। परंतु तब तक तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित ने मुआवजा दिए जाने की मांग की है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है।
एचटी लाइन में उठी चिंगारी से 25 बीघा गेहूं की फसल जली
मवाना। मवाना स्थित मध्य गंगनहर की पटरी के पास एक गेहूं के खेत में शनिवार को बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण 25 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
मेरठ निवासी हरिओम ने मवाना निवासी आबिद, सूफीयान को अपनी 57 बीघा जमीन ठेके पर दे रखी है। जिस पर दोनों ने गेहूं व ईख की फसल बो रखी थी। आबिद व सूफीयान के मुताबिक शनिवार दोपहर एचटी लाइन के तारों से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की फसल ने आग पकड़ ली। तेज हवा होने के कारण आग तेजी से खेतों में फैल गई और देखते ही देखते लगभग 25 बीघा गेहूं की फसल जल गई। किसानों ने फायर ब्रिगेड गाड़ी पर समय से न पहुंचने का आरोप लगाया। किसानों ने स्वयं ही आग पर काबू पाया। दोनों पीड़ित किसानों ने बताया कि आग लगने से लगभग लाखों रुपये का नुकसान हो गया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है।