ऐतिहासिक चर्च में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम-बम निरोधक दस्ते की जांच पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में सोमवार मध्यरात्रि 12 बजे प्रभु यीशु का जन्म होते ही घंटे-घड़ियाल गूंज उठे। चर्च में क्रिसमस डे मनाने के लिए आसपास के क्षेत्र के साथ दूरदराज क्षेत्र से भी श्रद्धालु चर्च पहुंचेे। प्रभु यीशु का जन्म होते ही चर्च में विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस दौरान कड़ाके की सर्दी के बावजूद रात में चर्च में आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं था। हजारों की संख्या में श्रद्धालु चर्च पहुंचे और विशेष प्रार्थना में शामिल हुए।
सरधना के ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च में क्रिसमस डे के उपलक्ष्य में लगने वाले मेले को लेकर सोमवार को दिनभर तैयारियां चलती रहीं। इस दौरान चर्च में दुकानदारों ने जहां एक तरफ दुकानें लगाईं तो वहीं चर्च प्रबंधन ने भी चर्च में बड़ी सुंदर चरनी सजाई। मेरठ से आए बम निरोधक दस्ते ने चर्च के अंदर व बाहर परिसर में डॉग स्क्वायड लेकर जांच की। उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। चर्च में सोमवार मध्यरात्रि को जैसे ही 12 बजे और प्रभु यीशु का जन्म होते ही घंटे घड़ियाल गूंज उठे। इस दौरान चर्च में विशेष प्रार्थना हुई। फादर ससिन बाबू व फादर पाक्या नाथन, फादर जॉन मेकेँड्रो, फादर एलबर्न, फादर मैथ्यू के साथ अन्य फादर ने विशेष प्रार्थना कराई। इस दौरान विश्व में अमन शांति एवं सुख समृद्धि की मंगल कामना की गई। चर्च में देर रात्रि तक श्रद्धालुओं का आना लगा रहा। चर्च में मंगलवार को क्रिसमस डे के मौके पर मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान चर्च में सुरक्षा के पुख्ता इंत्जाम किये गये हैं। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स लगाया गया है।