नगर विकास मंत्री कल शहर में
मेरठ। उप्र के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना सोमवार को मेरठ में होंगे। सुरेश खन्ना नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंच रहे हैं। निगम अधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस बार नगर विकास मंत्री का टारगेट शहर के विकास कार्याें के साथ-साथ कूड़ा निस्तारण, शहर की सफाई, जलापूर्ति, अतिक्रमण और पथ प्रकाश मुख्य रहेंगे।
11 और 12 अगस्त को मेरठ में भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक के दौरान भी नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक का निर्णय लिया था। कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण समीक्षा नहीं की जा सकी थी। अब नगर विकास विभाग की तरफ से मंत्री का कार्यक्रम घोषित किया गया है। जिसमें सोमवार को नगर विकास मंत्री का मेरठ आना दर्शाया गया है। लेकिन कार्यक्रम में कोई समय निश्चित नहीं किया गया है। मंत्री के कार्यक्रम को लेकर ऊहापोह की स्थिति है। हालांकि नगर निगम के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के कार्य सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। शहर को ओडीएफ करने, प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत गरीबों को आवास दिए जाने से लेकर शहर की सफाई, अतिक्रमण, कूड़ा निस्तारण आदि पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
खास बातें:
-निगम के कार्यों की करेंगे समीक्षा
- शहर की सफाई, नाला सफाई, कूड़ा निस्तारण, ओडीएफ, जल, प्रकाश, निर्माण कार्य आदि पर होगी चर्चा