मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परतापुर हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सीएम सिक्योरिटी, एनएसजी कमांडो के अलावा एसएसपी राजेश पांडेय और आईजी रेंज रामकुमार ने खुद कमान संभाल रखी थी। रात्रि विश्राम के लिए आरएएफ गेस्ट हाउस में भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। पूरा पुलिस-प्रशासनिक अमला एक पैर पर खड़ा रहा।
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की सुभारती विवि में बैठक को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आगमन को लेकर सुरक्षा कड़ी की गई थी। खुफिया विभाग से आतंकी हमले का इनपुट मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। शनिवार को मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री राजकीय वायुयान से परतापुर हवाई पट्टी पहुंचे। दोनों बड़े नेताओं की फ्लीट जैसे ही परतापुर हवाई पट्टी से सुभारती में कार्यक्रम स्थल के लिए चली तो सुरक्षा घेरा साथ था। सीएम सिक्योरिटी, एनएसजी कमांडो, स्थानीय स्तर पर आईजी, एसएसपी, एडिशनल एसपी के साथ गाड़ियों का पूरा काफिला था।
कार्यक्रम स्थल पर रहा पहरा
कार्यक्रम स्थल पर खुफिया विभाग की टीम, डॉग स्क्वाएड, बम निरोधक दस्ते ने पूरे कार्यक्रम क्षेत्र की चेकिंग की थी। बिना पास के अंदर एंट्री नहीं थी। चारों तरफ भारी संख्या में पीएसी के जवान लगाए गए थे। वाच टावर से भी पीएसी और पुलिस के जवान नजर रखे हुए थे।
आरएएफ में भी हाई सिक्योरिटी
सुभारती में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ आरएएफ के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने पहुंचे। मुख्यमंत्री के रात्रि विश्राम को लेकर आरएएफ ने भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
खास बातें:
हवाई पट्टी पर खुद आईजी और एसएसपी ने संभाल रखी थी सुरक्षा की कमान
सीएम सिक्योरिटी, एनएसजी कमांडो आरएएफ और भारी संख्या में तैनात रहा पीएसी बल