डोर-टू डोर कूड़ा उठाने को निगम की तैयारी पूर्ण
मेरठ। नगर निगम प्रशासन ने डोर टू डोर कूड़ा उठाने के अभियान को लेकर पूरी तैयारी कर ली है, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के चलते अभियान को दो दिन आगे बढ़ाया जा सकता है। 15 अगस्त से अभियान चलाने पर संशय है। तिथि को लेकर अभी मंथन चल रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत निगम डोर-टू डोर कूड़ा उठाने का अभियान चला रहा है। नगरायुक्त ने 15 अगस्त से इसे चलाने की बात कही थी। इसके लिए नगर निगम पूरी तैयारी में है। नगर निगम के पास कूड़ा वाहन खड़े करने को भले ही जगह न हो, लेकिन निगम ने 45 छोटे हाथी की आपूर्ति ले ली है। साथ ही 22 ट्रैक्टर, लोडर, जेसीवी मशीन भी शामिल हैं। निगम द्वारा खरीदे गए वाहनों की खेप पिछले 15 दिन से आ रही है। बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने में कमिश्नर अनीता मेश्राम भी रुचि दिखा रही हैं। नगर निगम के अधिकारियों से प्रतिदिन वार्ता की जा रही है। पिछले सप्ताह नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में कमिश्नर ने 15 अगस्त से शहर की डोर टू डोर कूड़ा उठाने की योजना को शुरू करने की बात कही थी। जिस पर नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान ने भी मुहर लगाई हुई है। लेकिन सूत्रों से जानकारी मिली कि कुछ आला अधिकारी 15 अगस्त की बजाय एक दो दिन बाद इस योजना को शुरू कराने का प्रस्ताव रख रहे हैं हालांकि अभी 15 अगस्त के बाद की किसी तिथि को निश्चित नहीं किया गया है।
नगर निगम की पूरी तैयारी है। आला अधिकारियों से भी बात की जाएगी। अभी तक 15 अगस्त को ही डोर टू डोर कूड़ा उठाने की शुरुआत करने की तैयारी है।
मनोज कुमार चौहान, नगरायुक्त।
खास बातें:
- 15 अगस्त से अभियान चलाने पर संशय