गंगानगर। मवाना रोड स्थित पॉश डिफेंस कॉलोनी में रविवार को द सैनिक सहकारी आवास समिति की वार्षिक बैठक में सिविलियन रेजीडेंट्स ने सदस्य बनाने और वोट देने का अधिकार मांगा। साथ ही समस्याएं बताईं।
बैठक में ले.ज. सतीश तलवार, मे.ज. वीरेंद्र सिंह ने सहकारी अधिकारी आवास कुमार संजय के साथ बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि डिफेंस कॉलोनी में रहते हुए करीब 30 वर्ष हो चुके हैं। लेकिन कॉलोनी के फैसलों में भागीदारी से सिविलियन रेजीडेंट्स वंचित हैं। बैठक में मौजूद रहे आरपी सिंह, मनोज अग्रवाल, सुरेश, सुधीर महाजन, सतीश बंसल, सूरज प्रकाश अग्रवाल, गिरीश बंसल, राहुल वैद्य, प्रकाश अग्रवाल, एमएस गिल आदि ने बताया कि कॉलोनी में स्थायी तौर पर रहने वाले रेजीडेंट्स को समान अधिकार मिलने चाहिए।
बैठक में मौजूद स्थानीय संभ्रांत लोगों ने कॉलोनी की समस्याएं बताते हुए कहा कि कुछ पार्कों की स्थिति बदहाल है। आवारा कुत्तों के अलावा बाहरी लोगों का जमावड़ा रहता है, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। मेरठ मंडल के सहकारी अधिकारी आवास कुमार संजय के मुताबिक कमेटी का एजीएम पूरा नहीं हो पाया है। क्योंकि 145 डिफेंस रेजीडेंट्स में से एक तिहाई सदस्य उपस्थित नहीं हुए। इसलिए अगले 15 दिनों में बैठक फिर से आयोजित की जाएगी और निर्णय लिया जाएगा।
कॉलोनी में करीब 450 परिवार
पॉश डिफेंस कॉलोनी में करीब 450 परिवार रहते हैं। इसमें से करीब 145 से अधिक डिफेंस अधिकारी हैं। वहीं अन्य परिवार सिविलियन रेजीडेंट्स है। सिविलियंस की मांग रहती है कि उन्हें भी मैनेजमेंट कमेटी में जगह देकर वोटिंग का अधिकार मिले।