जलभराव हुआ तो नपेंगे अधिकारी
मेरठ। कैंट क्षेत्र में कहीं जलभराव हुआ या अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन पर फिर से अतिक्रमण हुआ तो सेनेटरी सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसी के साथ बुधवार से सदर बाजार में ड्रोन कैमरे से दुकान के बाहर समान रखने वालों की वीडियोग्राफी करके उनसे 25 रुपये प्रति फीट जुर्माना वसूला जाएगा। मंगलवार को भी कैंट बोर्ड की टीम ने सदर बाजार में अभियान चलाकर तीन बाइक सीज की और 25 चालान काटे गए।
लालकुर्ती क्षेत्र में कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने सीईओ प्रसाद चव्हाण को क्षेत्र में जलभराव की समस्या से अवगत कराया। सीईओ ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सेनेटरी अधिकारी को बुलाकर जल्द से जल्द समस्या दूर करने के आदेश दिए। लालकुर्ती में मुर्दा विश्राम स्थल की हालात ठीक करने के लिए कहा गया। सीईओ ने साफ कहा कि अगर कहीं जलभराव हुआ तो संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।
बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने क्षेत्र में कई दूसरी समस्याओं का समाधान कराने की बात कही। इसके अलावा कैंट बोर्ड की टीम ने सदर बाजार में अभियान चलाया। यहां दुकानदारों को स्पष्ट कर दिया गया कि अगर बुधवार से दुकान के बाहर सामान रखा मिला तो जुर्माना लगाया जाएगा। शाम को सीईओ प्रसाद चव्हाण ने सीईई अनुज सिंह के साथ तोपखाना में तीन दिन चलाए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। पॉलिथीन नहीं मिलने और नाले-नालियां साफ देखकर सीईओ ने टीम की तारीफ की।