नगरायुक्त व चीफ इंजीनियर ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
मेरठ। महानगर में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए शुक्रवार को नगरायुक्त और चीफ इंजीनियर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए । साथ ही निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
परतापुर फ्लाई ओवर के निकट नगर निगम नाले का निर्माण करा रहा है। कुछ लोगों ने नाले में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत की थी। कारण है कि शासन ने नगर निगम के अवर अभियंताओं का स्थानांतरण कर दिया। दूसरे नगर निगमों से अभी तीन अवर अभियंता नानक, राजपाल सिंह ने ही मेरठ निगम पहुंचकर चार्ज संभाला है। अभी कार्य का वितरण न किए जाने के कारण इन्होंने भी काम शुरू नहीं किया है। जिसका फायदा कुछ ठेकेदार उठा रहे हैं। निगरानी न होने के कारण निर्माण कार्यों में लापरवाही बरती जाने की शिकायतें पहुंच रही हैं। परतापुर में नाला निर्माण में घटिया सामग्री की जांच के लिए नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान और चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से दौरा किया। पूरे नाले का निरीक्षण किया। नाले की ठीक से तैयारी होती भी नहीं पाई गई। जिस पर नगरायुक्त ने ठेकेदार को नाला निर्माण में लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जांच में घटिया सामग्री पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
- परतापुर में बनाए जा रहे नाले में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आ रही थी शिकायत
- नगरायुक्त बोले, एक-एक कार्य की गुणवत्ता जांची जाएगी