धामपुर (बिजनौर)। सफाई कर्मचारियों को पीटने वाले नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए सफाईकर्मियों ने दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार रखा। कूडे़ से उठ रही दुर्गंध के कारण बाजार बंद रहा। पूरे दिन सफाई कर्मचारी पालिका कार्यालय में डटे रहे। शाम को एसडीएम आजाद भगत सिंह और सीओ अर्चना सिंह ने आंदोलनकारियों को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देते हुए कुछ समय मांगा। लेकिन सफाई कर्मचारी अपनी मांग पर अडे़ रहे। उन्होंने कहा कि जब आरोपी गिरफ्तार नहीं हाेंगे कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि मंगलवार रात भगत सिंह चौक पर लकड़ियां उतारने को लेकर पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता के समर्थकों ने उन्हें बुरी तरह से पीटा। घटना के दौरान राजू गुप्ता भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने रात में ईओ और चेयरमैन को घटना की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का कोई प्रयास नहीं किया। इससे गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर सफाई व्यवस्था को ठप किया कर दिया। भगत सिंह चौक, नगर पालिका कार्यालय और एक आरोपी की दुकान में कूड़ा भर दिया।
भगत सिंह चौक पर कूड़ा डालने का विरोध करने पर सफाईकर्मियों और ठेली-रेहड़ी वालों के बीच धारदार हथियार चल गए थे। दोनों ओर से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। व्यापारियों ने अपने बचाव में आक्रामक सफाई कर्मियों के ऊपर मिर्च पाउडर झोंक दिया। देर रात सफाई कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष और उनके समर्थकों सहित चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कायम कराई।
बृहस्पतिवार सुबह सफाई कर्मचारी फिर से नगरपालिका कार्यालय में एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। नारेबाजी करते हुए पुलिस अधिकारियों से नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शाम को एसडीएम और सीओ आंदोलनकारियों से वार्ता करने पहुंचे। लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक पालिकाध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं होगी, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इस दौरान रतनेश, अनूप वाल्मीकि नगीना, अरविंद नजीबाबाद, खुशीराम, सुधीर कुमार, प्रेमचंद छाछर, तरुण कुमार, परमेश, संदीप, अनिल आदि मौजूद रहे।
भगत सिंह चौक पर नहीं खुला बाजार
सफाई कर्मचारियों की ओर से भगत सिंह चौक पर मृत पशुओं के अवेशष और गंदगी को डाल देने से बाजार में दुर्गंध उठ रही है। दिनभर नगर के मुख्य बाजार में सन्नाटा रहा। दोपहर बाद सीओ के सुझाव पर कुछ व्यापारियों ने मुंह से कपड़ा बांध गंदगी को वहां से हटाकर चौक के किनारे किया। उधर, शिवाजी पार्क में प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों के बीच राजनैतिक गुटबंदी सामने आई। एक गुट अधिकारियों से वार्ता के माध्यम से मामले को खत्म कराने की फिराक में लगा था। जबकि सफाई कर्मियों को दूसरा खेमा मामले को हवा देने में लगा रहा।
क्रास रिपोर्ट कायम नहीं होगी : एसडीएम
एसडीएम आजाद भगत सिंह ने सफाईकर्मियों को यह कहते हुए संतुष्ट करने का प्रयास किया कि वह पुलिस को इस मामले में काम करने का कुछ वक्त दें। आरोपियों की गिरफ्तारी शतप्रतिशत होगी। आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। एसडीएम ने यह भी कहा कि पुलिस ने सफाई कर्मियों की ओर से रिपोर्ट कायम कर ली है। लेकिन इस मामले में क्रास रिपोर्ट कायम नहीं होगी।
फुटेज खंगाली जा रही हैं, जांच का वक्त दें : सीओ
सीओ अर्चना सिंह ने वार्ता के दौरान कहा कि उनकी तहरीर पर नामजद रिपोर्ट कायम हो गई है। पुलिस को जांच करने का वक्त चाहिए। मौके की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं। उनकी पड़ताल के बाद कार्रवाई होगी। जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।