शहर में हर सड़क हो गई जलमग्न
मेरठ। शनिवार को हुई तेज बारिश के कारण शहर में हर ओर जलभराव हो गया। चौक हुए नाले बारिश होते ही उफन गए। वहीं गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया।
शनिवार को सुबह से ही कभी तेज तो कभी हल्की बारिश रुक-रुक कर पूरे दिन होती रही। इस कारण शहर की सड़के जलमग्न हो गईं। ओडियन नाला हो या आबू नाला सभी छोटे बड़े नाले भी सड़कों पर बह निकले। जिसके कारण यातायात भी प्रभावित हो गया। बागपत रोड, घंटाघर, प्रहलाद नगर, खैरनगर, जलीकोठी मार्ग, शंकर आश्रम मार्ग, कमिश्नरी चौराहा, फूलबाग कॉलोनी, सूरजकुंड मार्ग, प्रभात नगर, सदर बाजार, आबूलेन, रशीदनगर, ब्रह्मपुरी, सेठान वाला गली सहित अन्य इलाकों में काफी जलभराव हुआ। नालों की नियमित सफाई न होने के कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। वहीं सड़कों पर वाहन बंद होने से चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
यहां भी हुआ बुरा हाल
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के जामिया चौक, लखीपुरा, श्याम नगर, जाकिर कॉलोनी सहित दर्जनों इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे बुरा हाल कांच के पुल से फतेहउल्लापुर तक मुख्य मार्ग का रहा। यहां सड़क टूटी होने कारण और ज्यादा परेशानी हुई। ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के जिलाध्यक्ष मो. हारून अंसारी ने बताया कि यह मार्ग पिछले छह महीने से टूटा पड़ा है। सीवर लाइन के लिए सड़क को खोदा गया था।
खास बात
बारिश से निचले इलाके ही नहीं बल्कि ऊपरी इलाकों में भी हो गया जलभराव