मेरठ। जमियत उलेमा-ए-हिंद की जिला एवं शहर इकाई ने सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूती प्रदान करने के लिए शांति मार्च निकाला। जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने भाग लिया।
टाउन हॉल घंटाघर से सिटी मजिस्ट्रेट व शहर काजी ने हरी झंडी दिखाकर शांति मार्च को रवाना किया। जो पीर तिराहा, खैरनगर चौपला, बुढ़ाना गेट से इंदिरा चौक पहुंचा। यहां आयोजित सभा में शहर काजी जैनुस साजिद्दीन ने कहा कि देश की आजादी में उलेमा का अहम किरदार रहा है। पूर्व विधायक गुलाम मोहम्मद, समाजसेवी अमित कुमार, सरदार रणजीत सिंह जस्सल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिये सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारा जरूरी है। अमनचैन कायम रहेगा तो देश तरक्की करेगा और जनता भी खुशहाल रहेगी। हाफिज शब्बीर ने संचालन किया। इसके बाद मार्च इमलियान हापुड़ रोड जाकर संपन्न हुआ। शहर काजी ने मुल्क की तरक्की, अमनचैन और खुशहाली के लिए दुआ कराई। इस अवसर पर मौलाना सलमान कासमी, पं. दु:खहरण शर्मा, पं. सुनील शर्मा, राजीव गर्ग एडवोकेट, हाजी इमरान सिद्दीकी, मौलाना शाहनवाज, हाजी शिराज, मौलाना अलीमुद्दीन, डॉ. आईडी गौतम, हाजी इरशाद कुरैशी, कपिल कुमार, नसीम कुरैशी आदि शहर के गण्यमान्य लोग शामिल रहे।