मेरठ। जिलाधिकारी समीर वर्मा ने कहा कि समाधान दिवस में आनी वाली शिकायतों का अधिकारी गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह में निस्तारण करें। तभी समाधान दिवस की मंशा सफल होगी।
मंगलवार को तहसील में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके विभाग में कोई भी समस्या लंबित न रहे तथा कोई फरियादी बिना वजह कार्यालयों के चक्कर लगाकर परेशान न हों। इस दौरान 115 शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गयी। सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस, विकास विभाग, शिक्षा, नगर निगम, एमडीए की रहीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जिलों के स्कूलों में औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था जांचने के निर्देश दिए। कहा कि जो शिक्षक शिक्षण कार्य बाधित कर रहे हैं, उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें। एसएसपी मंजिल सैनी ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि वह आम लोगों को बिना किसी बात के परेशान न करें। अपराधियों व असामाजिक तत्वों को किसी भी दशा में न बख्शें। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- तहसील परिसर में आयोजित समाधान दिवस में बोले डीएम समीर वर्मा