संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त ने सुनी जनसमस्याएं
राजस्व विभाग से जुड़ी सबसे अधिक शिकायतें आईं
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त ने तहसील अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। कुल 132 शिकायतें आई, जिसमें से मौके पर मात्र 10 का ही निस्तारण हो सका।
एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, एस डी एम संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार निरंकार सिंह आदि के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। पुष्पा चामरौद खेडा ने अवैध रुप से मकान पर कब्जा करने, उदयवीर मटौरा अवैध रुप से चक के सामने कुलाबा लगाने, बलदेव सिंर सैफपुर फिरोजपुर सीएम सम्मान निधि के संंबंध में कोई कार्रवाई नहीं होने के संबंध में शिकायत की। इशाक बहोडूपुर ने महिला पर चकरोड पर कब्जा करने, योगेंद्र सिंह गगसौना ने आधार कार्ड में संशोधन कराने, ब्रजपाल सिंह दयालपुर ने सरकारी रास्ते से अवैध कब्जा हटवाने, सेठपाल सेदीपुर ने खेत की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने की शिकायत की।
हस्तिनापुर की इंद्रा कालोनी निवासी के लोगों ने एक महिला व पुरुष पर शराब की बिक्री सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की, गांव इकवारा निवासी भीम सिंह ने बीच रास्ते में ट्रांसफार्मर. खंभे को हटवाने की मांग की, शिकायत में कहा कि बिजली के तार लोगों के दरवाजों से टच हो रहे हैं। किशनपुर बिराना निवासी सिराजुद्दीन ने बताया कि गांव के तालाब की बीते 15 वर्षो से सफाई नहीं हुई है। तालाब में आधे गांव का पानी जाता है। तालाब के पास ही प्राइमरी स्कूल है, तालाब का पानी बाहर आने से बच्चों को स्कूल में आने जाने में परेशानी होती है। तालाब की खुदाई व सफाई कराने की मांग की है।