मेरठ। हस्तिनापुर खादर क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराना शुरू हो गया है। शुक्रवार को बिजनौर बैराज से गंगा में 1.08 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद स्थिति गंभीर होती चली गयी। गंगा खादर में गांव फतेहपुर प्रेम के पास बनवाया गया कच्चा तटबंध गंगा के तेज बहाव में कट गया, जिस कारण छह गांवों का संपर्क कट चुका है।
हस्तिनापुर खादर क्षेत्र में लगभग हर साल बाढ़ आती है। लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। इस बार हस्तिनापुर विधायक ने अपने प्रयासों से कुछ फंड उपलब्ध कराते हुए ग्राम फतेहपुर प्रेम के पास कच्चा तटबंध तैयार कराया। जिससे उम्मीद थी कि बाढ़ से राहत मिलेगी। लेकिन शुक्रवार को गंगा में बढ़े जल स्तर से यह तटबंध कट गया और पानी कटान करता हुआ गांवों के करीब पहुंच गया। गंगा के जल का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही घंटों में गांव बधुआ, खेड़ी, मनोहरपुर, भीकुंड और फतेहपुर आदि का संपर्क संपर्क मार्गों से कट गया।
खादर में बाढ़ की स्थिति को देख एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव तहसील टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी। इसके बाद जिलाधिकारी अनिल ढींगरा और एसएसपी राजेश कुमार पांडे भी मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे। यहां पर कटे हुए तटबंध के साथ गंगा द्वारा किए जा रहे कटान स्थलों का मुआयना करने के साथ ही ग्रामीणों से बात की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व, सिंचाई और विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर सतर्कता के साथ नजर रखें। लगातार भ्रमणशील रहने के साथ ग्रामीणों के संपर्क में रहें। कहा कि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जो भी व्यवस्थाएं हैं, वह तत्काल पूरी कर लें। डीएम ने गांव के पास बने कच्चे तटबंध को तुरंत मनरेगा की टीम लगाकर उसकी सुरक्षा हेतु बल्ली व मिट्टी के बोरे लगाकर सुरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि आगे कटान न हो।
इस दौरान एसडीएम ने डीएम को बताया कि पानी बढ़ जाने से तटबंध कटा है, जिस कारण कई गांवों में पानी पहुंच गया है। लेकिन कोई जान माल की हानि नहीं हुई है। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि कटान और पानी के कारण उनके पशुओं के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है। क्योंकि वह अपने खेतों तक नहीं जा सकते हैं। वहीं एसएसपी ने सीओ को निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से जो भी जरूरी है सारे इंतजाम तत्काल किए जाएं।
विधायक दिनेश खटीक पहुंचे मुख्यमंत्री के पास
खादर में आए बाढ़ के संकट की सूचना पर लखनऊ में मौजूद हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि हस्तिनापुर में बाढ़ का संकट हर साल आता है। इसके स्थायी समाधान के लिए उन्होंने बजट स्वीकृत करने की मांग रखी। जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें स्थायी समाधान का आश्वासन दिया है। विधायक ने फोन पर बताया कि आने वाले वर्षों में हस्तिनापुर में बाढ़ का संकट नहीं रहेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है। वहीं, डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को राहत के हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।