मेरठ। महारानी लक्ष्मीबाई राजकीय पैरा मेडिकल कॉलेज झांसी और कॉलेज ऑफ नर्सिंग कानपुर में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रमुख सचिव ने अनुमति प्रदान कर अनिवार्यता प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया है।
प्रदेश के सरकारी नर्सिंग कॉलेजों के नोडल अधिकारी और मेडिकल कॉलेज के उप अधीक्षक डॉ. दिनेश राणा ने बताया कि कानपुर और झांसी में बीएससी (नर्सिंग) के चार पाठ्यक्रम (प्रथम वर्ष के लिए) 40 सीटों के साथ सत्र 2018-19 से शुरू करने की अनुमति एवं अनिवार्यता प्रमाण पत्र दो शर्तों के साथ जारी किए गए हैं। जो दो शर्तें हैं, वह यह हैं कि दोनों स्थानों पर इंडियन नर्सिंग कॉलेज के मानकों के अनुसार समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा संस्था द्वारा प्रवेश, संचालन एवं परीक्षा आदि के संबंध में क्षेत्राधिकार प्राप्त विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त की जाएगी और अध्यादेश और सुसंगत शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
डॉ. राणा ने बताया कि प्रमुख सचिव डॉ. रजनीश दुबे द्वारा 10 जुलाई को जारी अनिवार्यता प्रमाण पत्र की प्रतिलिपि प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज कानपुर व झांसी के अलावा संयुक्त सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, सचिव इंडियन नर्सिंग काउंसिल और महानिदेेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण आदि को भी भेजी गई है। गौरतलब है कि एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज मेरठ में सबसे पहले बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई शुरू की गई थी। यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 100 सीटें हैं।